श्रावणी शिवरात्रि के अवसर पर शांतिकुंज ने चलाया स्वच्छता अभियान
हरिद्वार। 13 अगस्त 2026
अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख द्वय श्रद्धेया जीजी एवं श्रद्धेय डॉक्टर साहब के आशीर्वाद से श्रावण शिवरात्रि के पावन अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया। श्रावणी शिवरात्रि महापर्व के अवसर पर हरिद्वार में हजारों की संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु पहुंचे। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर गंगाजल भरा और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण गंगा घाटों पर स्वच्छता से जुड़ी कई चुनौतियां भी सामने आईं।
श्रद्धालुओं की सेवा और मां गंगा के प्रति अपनी जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए शांतिकुंज की ओर से हरकी पैड़ी के आसपास स्थित विभिन्न गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं ने घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई की तथा वहां बिखरे कचरे और अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर व्यवस्थित किया।
शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनदायिनी हैं। इसलिए गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक की जिम्मेदारी है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है, ऐसे में सामूहिक प्रयासों से ही गंगा को निर्मल एवं स्वच्छ रखा जा सकता है।
शांतिकुंज के इस प्रयास का उद्देश्य केवल घाटों की सफाई करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और आमजन में ‘स्वच्छ गंगा–निर्मल गंगा’ के प्रति जागरूकता पैदा करना भी रहा।
प्रस्तुत है गंगा घाट की कुछ छायाचित्र
