शांतिकुंज आपदा राहत दल ने बाढ़ग्रस्त दुर्गम क्षेत्रों तक राहत पहुचाने के क्रम में नुवाकोट के गुडविल स्कूल में बनाया बेस कैंप
नेपाल।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों तक शांतिकुंज का आपदा राहत दल पहुँच गया है। लगातार हो रही बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण राहत दल के सामने मार्ग में अनेक कठिनाइयाँ आईं। कई स्थानों पर रास्ते अत्यंत खराब होने के कारण राहत वाहनों को रुकना पड़ा, लेकिन आदरणीय चिन्मय भैया से मार्गदर्शन, और श्रद्धया जीजी एवं श्रद्धय डॉ. साहब के आशीर्वाद सतत प्राप्त होता रहा। गुरुसत्ता एवं माताजी के संरक्षण में आपदा राहत दल के कार्यकर्ता भाइयों ने अथक प्रयासों से इन बाधाओं को पार करते हुए राहत दल अपने निर्धारित क्षेत्र तक पहुँचने में सफल रहा।
आपदा राहत दल ने नुवाकोट के गुडविल स्कूल, पीपल तार में अपना बेस कैंप स्थापित कर राहत एवं सेवा कार्य प्रारंभ कर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों का भी इस सेवा कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। क्षेत्र के भाई-बहन सामूहिक रूप से राहत शिविर में सहभागिता कर पीड़ित परिवारों की सहायता में अपना योगदान दे रहे हैं।
राहत कार्य के साथ-साथ आपदा में दिवंगत हुई आत्माओं की शांति एवं सद्गति की कामना के लिए विशेष आध्यात्मिक प्रयोग भी किया गया। इसी क्रम में आज राहत दल एवं स्थानीय सहयोगियों की सहभागिता से गायत्री यज्ञ संपन्न किया गया। यज्ञ के माध्यम से आपदा में दिवंगत आत्माओं की शांति तथा प्रभावित परिवारों के मनोबल एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
विषम परिस्थितियों के बीच शांतिकुंज आपदा राहत दल द्वारा राहत एवं सेवा कार्यों का निरंतर संचालन पीड़ित मानवता के प्रति संवेदना, समर्पण एवं सेवा-भाव का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। स्थानीय लोगों की सहभागिता ने इस सेवा अभियान को और अधिक प्रभावी एवं आत्मीय बना दिया है।
