व्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं उत्कृष्ट सेवा के लिए शांतिकुंज रेलवे आरक्षण कार्यालय को मिला A++ ग्रेड
हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज स्थित रेलवे आरक्षण कार्यालय का आज उत्तर रेलवे नई दिल्ली एवं मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, अनुशासन, यात्री सुविधाओं एवं सेवा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
शांतिकुंज रेलवे आरक्षण कार्यालय की सुव्यवस्थित एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी सराहना की और कार्यालय को A++ ग्रेड प्रदान किया। अधिकारियों ने शांतिकुंज की अनुशासित कार्यशैली, रेलवे व्यवस्था एवं सेवा-भावना की विशेष प्रशंसा की।
आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा तथा सुचारु रेल व्यवस्था के लिए शांतिकुंज से विशेष सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।
यह उपलब्धि रेलवे आरक्षण कार्यालय से जुड़े सभी सहयोगियों की निष्ठा, अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पित सेवा भावना का प्रतिफल है।
