देव संस्कृति विश्वविद्यालय में विराट जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा देने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, उपाध्यक्ष, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में विराट जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशे के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न संदेशों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता की। रैली के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कला, सेवा, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण जैसे रचनात्मक कार्यों में लगाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
यह पहल युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा उनकी ऊर्जा एवं प्रतिभा को सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रही।
