नुक्कड़ नाटक और गीतों से दिया नशामुक्ति का संदेश
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, उपाध्यक्ष, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा दो स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की आदत से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने जीवन में सकारात्मक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी गई। गीतों एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से नशामुक्त जीवन का संदेश युवाओं तक रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से पहुँचाया गया।
नुक्कड़ नाटक एवं गीतों के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि उनकी ऊर्जा और प्रतिभा नशे जैसी आदतों में नहीं, बल्कि शिक्षा, कला, खेल, सेवा और समाज निर्माण जैसे सार्थक कार्यों में लगनी चाहिए।
