ध्यान एवं नाद योग के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली का संदेश
युवाओं को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, उपाध्यक्ष, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए मातृभूमि मंडपम् में ध्यान का आयोजन किया गया। ध्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मसंयम, एकाग्रता, मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।
इसके साथ ही प्रवेश्वर महाकाल प्रांगण में नाद योग ध्यान का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नाद एवं ध्यान के माध्यम से आंतरिक शांति और एकाग्रता का अनुभव किया। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रखते हुए अपनी ऊर्जा को आत्मविकास एवं सकारात्मक कार्यों की ओर लगाने के लिए प्रेरित करना था।
ध्यान एवं नाद योग जैसी गतिविधियाँ युवाओं को अपने मन एवं व्यवहार पर संयम स्थापित करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रेरित करती हैं।
