देव संस्कृति स्पोर्ट्स लीग में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
युवाओं की ऊर्जा को स्वस्थ एवं रचनात्मक दिशा देने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, उपाध्यक्ष, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत देव संस्कृति स्पोर्ट्स लीग का आयोजन किया गया, जिसमें खो-खो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, सहयोग, नेतृत्व एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के महत्व से अवगत कराया गया। युवाओं को अपनी ऊर्जा एवं क्षमता को नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रखते हुए खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
देव संस्कृति स्पोर्ट्स लीग के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ शरीर के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास किया जा सकता है।
