PPT, क्विज और JAM के माध्यम से युवाओं ने साझा किए नशामुक्ति के विचार
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, नशामुक्ति के उपायों एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह विशेष अभियान आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, उपाध्यक्ष, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 1,000 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए PPT Presentation, Quiz एवं JAM (Just A Minute) जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। PPT प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के कारणों, उसके दुष्प्रभावों, नशामुक्ति के उपायों एवं इससे बचाव के विभिन्न समाधानों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता का परीक्षण किया गया। वहीं JAM गतिविधि में युवाओं ने नशामुक्ति, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे की समस्या को समझने, उसके समाधान पर विचार करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान किया गया।
