भारत मंडपम में गूंजा वंदनीया माताजी की जन्मशताब्दी का संदेश
।। 10 अक्टूबर 2026 | भारत मंडपम, नई दिल्ली ।।
परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी पर 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में होने वाले तीन दिवसीय विराट महोत्सव की तैयारियों के क्रम में भारत मंडपम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का विशेष आयोजन हुआ। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण एवं माताजी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ महोत्सव को सफल बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सभा की अध्यक्षता करते हुए दलनायक जन्मशताब्दी समारोह एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने कहा कि माताजी की जन्मशताब्दी, अखंड दीप की शताब्दी और युगऋषि की साधना-शताब्दी की यह त्रिवेणी साधना को सेवा, संस्कार को व्यवहार और आध्यात्मिक चेतना को सामाजिक परिवर्तन से जोड़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय अस्मिता और अध्यात्म के जागरण की वेला है — अखिल विश्व गायत्री परिवार ऐसे भारत के निर्माण के लिए संकल्पित है, जहाँ हर व्यक्ति को अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व हो और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित हो।
सभा के मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके जी ने कहा कि यह कालखंड महाकाल के प्रत्यावर्तन चक्र का है, जब समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई संभावनाएँ आकार ले रही हैं और नारी शक्ति अपनी प्रतिभा एवं संगठन शक्ति से राष्ट्र के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इससे पूर्व दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री विकास कुमार जी (आईएएस) ने नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी को सशक्त भारत की आधारशिला बताया।
इस अवसर पर माननीय सांसद श्री अजय भट्ट जी, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सिद्धार्थ लूथरा जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने सभी अतिथियों को परम पूज्य गुरुदेव का साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।
