अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में शामिल हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थीगण
योगनगरी ऋषिकेश में आयोजित हुए विश्व प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. पंड्या जी ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें योग, साधना और आत्मविकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
16 से 22 मार्च के बीच आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश से आए योग साधकों, विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग की विविध विधाओं का अभ्यास एवं अध्ययन किया। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न योग सत्रों, कार्यशालाओं एवं ध्यान अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने प्रख्यात योग गुरुओं से योग की उन्नत तकनीकों, प्राणायाम, ध्यान एवं योग दर्शन का ज्ञान प्राप्त किया और भारतीय संस्कृति एवं योग की वैश्विक पहचान को निकट से समझा।
महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों का अनुभव करते हुए इसे अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने भी इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि योग केवल भारत की धरोहर नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, शांति और संतुलन प्रदान करने का सशक्त माध्यम है।
