प्रयाग संगीत समिति की 63वीं अखिल भारतीय संगीत प्रतियोगिता में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रयाग संगीत समिति, इलाहाबाद द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली अखिल भारतीय संगीत प्रतियोगिता के अंतर्गत इस वर्ष 63वीं प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देव संस्कृति विश्वविद्यालय को भी सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय के संगीत वाद्य अध्ययन केन्द्र से 9 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का दल, आदरणीय प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी के आशीर्वाद प्राप्त कर प्रयागराज पहुँचा। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 600 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों—लक्ष्मी शर्मा, निवेदिता पाण्डेय, स्वास्तिका जायसवाल, रूपा रंजन, जयेन्द्र श्रीवास्तव, सत्यम कटरे, आर्यनजीत पटेल, क्षितिज बैरागी एवं ओम नारायण शर्मा—ने विभिन्न विधाओं में भाग लेकर न केवल अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, अपितु अनेक पुरस्कार भी अपने नाम किए।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप सामान्य वर्ग (तबला वादन) में लक्ष्मी शर्मा ने प्रथम स्थान, सत्यम कटरे ने द्वितीय स्थान तथा निवेदिता पाण्डेय एवं आर्यनजीत पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सामान्य वर्ग (भरतनाट्यम) में स्वास्तिका जायसवाल ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। विशेष वर्ग (मृदंग/पखावज वादन) में जयेन्द्र श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
