भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रवीण विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
।। हरिद्वार ।।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के अंतर्गत गुजरात, हरियाणा एवं दिल्ली प्रांत के प्रवीण विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में विशेष पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर गुजरात से आए दिव्यांग विद्यार्थियों ने भी विशेष सहभागिता की। उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उत्साह ने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया। अपने उद्बोधन में डॉ. चिन्मय पंड्या ने दिव्यांग बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से कोई भी व्यक्ति जीवन में बड़ी उपलब्धियाँ प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इस अवसर को प्रेरणादायी बताते हुए भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं शिक्षा के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण सिद्ध हुआ तथा उपस्थित जनों को संस्कारित एवं मूल्यनिष्ठ शिक्षा की दिशा में प्रेरित करता रहा।
