उत्तर फ़्रांस के नॉर्मंडी में “Thanh An Yoga” केंद्र का शुभारंभ, परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने किया उद्घाटन
नॉर्मंडी, फ़्रांस। यूरोप प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी उत्तरी फ़्रांस के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र नॉर्मंडी पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने नवस्थापित “Thanh An Yoga” केंद्र का शुभारंभ किया, जो भारतीय योग, अध्यात्म एवं मानवीय मूल्यों के प्रसार हेतु समर्पित रहेगा।
केंद्र के उद्घाटन अवसर पर परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने बताया कि “Thanh An” का अर्थ “ज्योति” है। यह नाम युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा प्रज्वलित “दिव्य अखंड ज्योति” की प्रेरणा से रखा गया है, जो आत्मप्रकाश, ज्ञान, चेतना एवं मानवता के कल्याण का प्रतीक है।
अपने संबोधन में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के समग्र विकास का विज्ञान है। योग, अध्यात्म और संस्कारों के माध्यम से मानव जीवन में संतुलन, शांति एवं सकारात्मकता का विकास संभव है। उन्होंने केंद्र के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं युगऋषि के विचारों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने स्थानीय परिजनों एवं साधकों को शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए परम पूज्य गुरुदेव का साहित्य भी भेंट किया। उपस्थित सभी परिजनों ने केंद्र के माध्यम से योग, स्वाध्याय एवं सांस्कृतिक जागरण की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। “Thanh An Yoga” केंद्र का शुभारंभ फ़्रांस में भारतीय संस्कृति, योग एवं युगनिर्माण विचारधारा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

