शताब्दी वर्ष विशेष : लंदन में गायत्री परिवार की कोर समिति को परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने किया संबोधित
लंदन, यूनाइटेड किंगडम। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे अंतरराष्ट्रीय प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन पहुँचे। उनके आगमन पर स्थानीय गायत्री परिवार के परिजनों एवं कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित विशेष बैठक में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने गायत्री परिवार की कोर समिति को “जन्म शताब्दी वर्ष एवं हमारी भूमिका” विषय पर संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के जन्म शताब्दी वर्ष की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वर्ष केवल स्मरण का नहीं, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों एवं युग परिवर्तन के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने का अवसर है।
परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने कोर समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक सशक्तिकरण, विचार क्रांति, युवा जागरण एवं संस्कार निर्माण के अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएँ। उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुरुसत्ता का संदेश पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अपने मार्गदर्शन में उन्होंने सेवा, साधना और स्वाध्याय को मिशन की मूल आधारशिला बताते हुए कहा कि इन तीनों के संतुलित समन्वय से ही व्यक्ति, परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर सक्रिय गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए मिशन के विस्तार एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, भावी योजनाओं एवं मिशन के विस्तार को लेकर अपने विचार साझा किए तथा परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आत्मीयता एवं युग निर्माण के संकल्पों से ओतप्रोत रहा।

