पूज्य गुरुदेव से दीक्षित केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके जी से आत्मीय भेंट
|| नई दिल्ली ||
नई दिल्ली में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके जी से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर आत्मीय वातावरण में पूज्य युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की प्रेरणाओं, संस्कारों तथा राष्ट्र निर्माण के विविध आयामों पर चर्चा हुई। श्री उइके जी, जो पूज्य गुरुदेव के दीक्षित साधकों में रहे हैं, उन्होंने शांतिकुंज एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार से अपने आत्मीय जुड़ाव का स्मरण किया।
आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में सादर पधारने का आमंत्रण दिया। साथ ही, देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों, नारी जागरण, युवा सशक्तिकरण, मूल्य आधारित शिक्षा तथा समाजोत्थान के क्षेत्र में संचालित विभिन्न रचनात्मक अभियानों की जानकारी भी साझा की।
श्री दुर्गादास उइके जी ने पूज्य गुरुदेव के विचारों एवं संस्कारों को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए जन्मशताब्दी वर्ष के आयोजनों के सफल संपादन हेतु अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
