पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा जी से हुई आत्मीय भेंट
|| नई दिल्ली ||
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव एवं पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद, योग, समग्र स्वास्थ्य, प्राकृतिक जीवनशैली तथा मूल्य आधारित चिकित्सा व्यवस्था के प्रसार पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत आगामी नवंबर माह में दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम का सादर आमंत्रण दिया। साथ ही शांतिकुंज, हरिद्वार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, शोध, जनस्वास्थ्य तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे विविध रचनात्मक कार्यों की जानकारी साझा की।
वैद्य राजेश कोटेचा जी ने आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा जनजागरण, स्वास्थ्य संवर्धन तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में जनहित एवं आयुष आधारित जागरूकता अभियानों में सहयोग की संभावनाओं पर भी सकारात्मक विचार व्यक्त किए।
