लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी से आत्मीय भेंट एवं जन्मशताब्दी वर्ष का विशेष आमंत्रण
|| नई दिल्ली ||
नई दिल्ली में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित जन्मशताब्दी वर्ष के आगामी कार्यक्रमों में सादर पधारने का आमंत्रण दिया।
भेंट के दौरान पूज्य युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों पर आधारित राष्ट्र निर्माण, मूल्य आधारित शिक्षा, सांस्कृतिक जागरण, युवा सशक्तिकरण एवं समाजोत्थान के विभिन्न आयामों पर आत्मीय चर्चा हुई। डॉ. पंड्या जी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा देश-विदेश में सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए संचालित रचनात्मक अभियानों की जानकारी साझा की।
श्री ओम बिरला जी ने अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज, हरिद्वार से अपने आत्मीय जुड़ाव का स्मरण करते हुए संगठन द्वारा समाज में संस्कार, नैतिकता और राष्ट्र चेतना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने डॉ. चिन्मय पंड्या जी के नेतृत्व में देश-विदेश में भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों के प्रसार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए शांतिकुंज, हरिद्वार आने का आश्वासन दिया तथा जन्मशताब्दी वर्ष के आयोजनों की सफलता के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
