केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी से विचार-विमर्श, सांस्कृतिक विरासत एवं जनजागरण पर हुई चर्चा
|| नई दिल्ली ||
नई दिल्ली में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी से सौहार्दपूर्ण भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण दिया।
बैठक में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक पर्यटन तथा समाज में नैतिक मूल्यों के संवर्धन जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। डॉ. पंड्या जी ने देश-विदेश में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा सनातन संस्कृति, युवा जागरण एवं मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे रचनात्मक अभियानों की जानकारी साझा की।
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी ने भारतीय संस्कृति के संरक्षण और जनजागरण के लिए गायत्री परिवार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने शांतिकुंज, हरिद्वार आने की अपनी आत्मीय इच्छा व्यक्त करते हुए जन्मशताब्दी वर्ष के आयोजनों के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
