‘एआई फॉर डेमोक्रेसी’ | तकनीक, लोकतंत्र और मानवीय मूल्यों पर वैश्विक विमर्श
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के मृत्युंजय सभागार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी की अध्यक्षता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘एआई फॉर डेमोक्रेसी’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
समापन सत्र में उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), डेक्स हंटर-टॉरिक, संस्थापक एवं अध्यक्ष, द सेंटर फॉर टुमॉरो तथा एआई एवं सार्वजनिक नीति विशेषज्ञ, और हैरी फिशर, प्रौद्योगिकी नीति प्रमुख, ब्रिटिश उच्चायोग, नई दिल्ली सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और लोकतंत्र के बदलते संबंधों, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नागरिक सहभागिता, डिजिटल संचार, समावेशी शासन, पारदर्शिता एवं तकनीकी नैतिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
वैश्विक विशेषज्ञों के विविध दृष्टिकोणों ने एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को सुरक्षित रखते हुए इसे जिम्मेदार, सुरक्षित एवं मानव-केंद्रित दिशा देने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों के सम्मान के साथ यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम एआई और लोकतंत्र के भविष्य पर सार्थक वैश्विक संवाद का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बना।
