लिथुआनिया में राजनयिक एवं अकादमिक सहयोग को सशक्त करता महत्वपूर्ण संवाद
अपने अंतरराष्ट्रीय प्रवास के अंतर्गत आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी का विलनियस आगमन हुआ, जहाँ उन्होंने लिथुआनिया में भारत के राजदूत आदरणीय श्री देवेश उत्तम जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भारत और लिथुआनिया के मध्य सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जन-जन के बीच संपर्क को सुदृढ़ करने पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी राजदूत श्री उत्तम जी ने अपने व्यापक अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए बाल्टिक क्षेत्र में सांस्कृतिक, आर्थिक एवं अकादमिक सहयोग को और विस्तार देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रवास के दौरान डॉ. पंड्या जी की वाइटौटस मैग्नस विश्वविद्यालय (वीएमयू), कौनस से जुड़े अकादमिक नेतृत्व से भी संवाद हुआ। वर्ष 1922 में स्थापित यह प्रतिष्ठित सार्वजनिक विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं बहुविषयक शिक्षा के लिए जाना जाता है और वर्तमान में रेक्टर प्रो. डॉ. इनिता दबाशिंस्किएने, भाषाविज्ञान एवं बहुभाषी अध्ययन की प्रख्यात विदुषी, के नेतृत्व में वैश्विक अकादमिक सहभागिता को प्रोत्साहित कर रहा है।

