रोम में भारत की राजदूत वाणी राव से डॉ. चिन्मय पंड्या ने की शिष्टाचार भेंट
रोम, इटली। इटली प्रवास के अगले क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने इटली में भारत की राजदूत एवं वरिष्ठ राजनयिक आदरणीया वाणी राव जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने आदरणीया वाणी राव जी को देव संस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) के विजन एवं मिशन से अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों तथा भारतीय संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों के वैश्विक प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
तीन दशकों से अधिक समय से भारतीय विदेश सेवा में अपनी सेवाएँ दे रहीं आदरणीया वाणी राव जी ने भारत के विभिन्न देशों एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों के साथ संबंधों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे इटली के साथ-साथ सैन मरीनो में भारत की राजदूत तथा रोम स्थित संयुक्त राष्ट्र की संस्थाओं में भारत की स्थायी प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी सेवाएँ प्रदान कर रही हैं।
यह शिष्टाचार भेंट भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा एवं मानवीय मूल्यों को वैश्विक स्तर पर साझा करने की दिशा में एक सार्थक संवाद का अवसर बनी।
