साधना कक्ष एवं माँ भगवती भोजनालय का शुभारंभ
परम वंदनीया माताजी एवं दिव्य अखंड दीप की पावन जन्मशताब्दी के तृतीय चरण के अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में परम आदरणीया श्रद्धेया शैल जीजी एवं जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के द्वारा साधना कक्ष एवं माँ भगवती भोजनालय का शुभारंभ किया गया।
साधना भारतीय संस्कृति की वह दिव्य परंपरा है, जो व्यक्ति को स्वयं से जुड़ने, अंतर्मन को परिष्कृत करने और आध्यात्मिक चेतना के जागरण की दिशा में अग्रसर करती है। इसी भाव को केंद्र में रखकर विकसित साधना कक्ष साधकों को शांत एवं सात्त्विक वातावरण में ध्यान, जप एवं आत्मचिंतन के माध्यम से अपनी साधना को गहन बनाने का अवसर प्रदान करेगा। वहीं माँ भगवती भोजनालय समारोह में पधारने वाले परिजनों की भोजन व्यवस्था एवं आत्मीय सेवा का केंद्र बनेगा।
जन्मशताब्दी का यह पावन अवसर परिजनों को श्रद्धा, साधना एवं सेवा के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दे रहा है। देशभर से आए गायत्री परिवार के परिजन सामूहिक श्रमदान, सहयोग एवं समर्पण के साथ इस महापर्व को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में जुटे हैं।

