माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी समारोह के प्रथम सत्र में देश के प्रमुख संतों ने व्यक्त किए आध्यात्मिक विचार
जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अपने उद्बोधन में गायत्री मंत्र को समस्त मानवता के कल्याण का मंत्र बताते हुए कहा कि इसकी साधना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने अखण्ड दीप की सौ वर्ष की अखण्ड ज्योति को परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी की तप-साधना, ईश्वरीय संकल्प और युग निर्माण की चेतना का प्रतीक बताया।
माननीय सरसंघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, डॉ. मोहन भागवत जी ने अखण्ड दीप की सौ वर्षों की यात्रा को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच धैर्य, दृढ़ संकल्प और निःस्वार्थ भाव से कार्य करते रहना आवश्यक है। उन्होंने इस परंपरा से प्रेरणा लेकर समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया।
स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज ने अपने उद्बोधन में गायत्री मंत्र की वैश्विक चेतना और उसकी सार्वभौमिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सनातन संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण की आवश्यकता को रेखांकित किया।
स्वामी परमानंद जी ने गायत्री साधना की महत्ता पर विचार रखते हुए परम वंदनीया माताजी के वात्सल्य, करुणा, त्याग और साधनामय जीवन का स्मरण किया। उन्होंने ऋषि परंपरा के आदर्शों को आत्मसात कर मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
स्वामी राजराजेश्वराश्रम जी ने परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी की तप-साधना, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए ऋषि युग्म के विचारों एवं आदर्शों को समाज में आध्यात्मिक जागरण और मानवीय मूल्यों की स्थापना का प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की संरक्षिका परम श्रद्धेया शैल जीजी, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, डॉ. मोहन भागवत जी, स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, स्वामी परमानंद जी, स्वामी राजराजेश्वराश्रम जी सहित स्वामी परमात्मानंद जी, स्वामी विश्वेश्वरानंद जी, स्वामी हरिचेतनानंद जी, आदरणीया शैफाली पंड्या जी, श्री फ़िरोज़ मिस्त्री जी, डॉ. विजय धस्माना जी एवं डॉ. नरेन्द्र शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

