माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी को समर्पित स्मारक डाक टिकट का ऐतिहासिक विमोचन
देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के पावन उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय जन्मशताब्दी समारोह के प्रथम सत्र में माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी को समर्पित स्मारक डाक टिकट का ऐतिहासिक विमोचन किया गया।
अखिल विश्व गायत्री परिवार की संरक्षिका परम श्रद्धेया शैल जीजी, जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी एवं माननीय सरसंघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, डॉ. मोहन भागवत जी की गरिमामयी उपस्थिति में यह विमोचन संपन्न हुआ। यह अवसर माता जी के तप, त्याग, वात्सल्य एवं समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के प्रति श्रद्धा और सम्मान की अभिव्यक्ति बना।
स्मारक डाक टिकट के माध्यम से माता भगवती देवी शर्मा जी के प्रेरणादायी जीवन, साधना और नारी जागरण एवं युग निर्माण के लिए किए गए कार्यों को व्यापक पहचान देने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। यह विमोचन उनके विचारों एवं आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह ऐतिहासिक अवसर परम वंदनीया माताजी के प्रति श्रद्धा निवेदन के साथ उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और मानवता के कल्याण के लिए उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला रहा।

