देवभूमि हरिद्वार में आध्यात्मिक चेतना, विश्व एकता एवं भारतीय संस्कृति का दिव्य संगम
उत्तराखंड की पावन देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के दिव्य प्रांगण में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह का एक अन्य सत्र आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रेरणादायी संदेशों को समर्पित रहा।
इस गरिमामयी अवसर पर माननीय केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके जी, उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी, परिवहन मंत्री श्री दयाशंकर सिंह जी, उत्तराखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री मदन कौशिक जी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि जी महाराज, साध्वी भगवती सरस्वती जी, रामकृष्ण मिशन, वड़ोदरा के प्रमुख स्वामी निखिलेश्वरानंद जी एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. अतुल कोठारी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने भावपूर्ण उद्बोधन में आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने युगऋषि के सामाजिक समरसता के चार आधारभूत सूत्रों—‘एकता, समता, शुचिता और ममता’—को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकात्मता है। उन्होंने जाति, वर्ग, क्षेत्र एवं अन्य विभाजनों से ऊपर उठकर एक भारत की चेतना को आत्मसात करने का आह्वान किया।
साध्वी भगवती सरस्वती जी ने अखण्ड दीप की आध्यात्मिक प्रेरणा को रेखांकित करते हुए कहा कि दीपक की सार्थकता केवल स्वयं प्रकाशित होने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी प्रकाश फैलाने में है। उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम्, विश्व एकता एवं परस्पर सहयोग का संदेश देते हुए माताजी के आदर्शों को संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
यह सत्र भारतीय संस्कृति की सनातन चेतना, सेवा, साधना एवं समर्पण के उन जीवनमूल्यों का सजीव प्रतिबिंब बना, जिनके माध्यम से युगऋषि ने विश्वमानवता के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखी।

