सामाजिक समरसता से राष्ट्र निर्माण तक, शताब्दी समारोह में गूँजा एकता, समता और मानवता का संदेश
देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित शताब्दी समारोह के इस विशेष सत्र में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना, मानवीय एकता एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
अपने उद्बोधन में पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं परम वंदनीया माताजी की तपश्चर्या का स्मरण करते हुए कहा कि आज विश्व को जिस व्यापक दृष्टि, सकारात्मक चिंतन और नई दिशा की आवश्यकता है, उसका मार्गदर्शन शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय कर सकते हैं।
माननीय केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके जी की गरिमामयी सहभागिता ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, समावेशी विकास एवं राष्ट्रीय एकात्मता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की प्रासंगिकता को भी रेखांकित किया।
सत्र के समापन पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले प्रतिभाशाली पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपने ज्ञान, संस्कार, सेवा एवं उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से विश्वविद्यालय के आदर्शों को समाज में प्रतिष्ठित कर रहे इन पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
संतों, विशिष्ट अतिथियों एवं प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न यह सत्र युगऋषि के ‘मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी अध्याय बना।

