देवभूमि हरिद्वार में आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल का दिव्य संगम, दीप महायज्ञ के साथ शताब्दी समारोह का पावन सत्र संपन्न
उत्तराखंड की पावन देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के दिव्य प्रांगण में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह का एक अन्य गरिमामयी सत्र श्रद्धा, आध्यात्मिक चेतना एवं लोकमंगल के संकल्पों से अनुप्राणित रहा।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही अखिल विश्व गायत्री परिवार की संरक्षिका परम श्रद्धेया शैल जीजी, महिला मंडल की माननीया अध्यक्ष श्रीमती शैफाली पंड्या जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह जी का प्रेरणादायी सान्निध्य प्राप्त हुआ।
समारोह में आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी की उपस्थिति में युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं परम वंदनीया माताजी के तप, त्याग और युग निर्माण के महान संकल्पों का भावपूर्ण स्मरण किया गया।
संध्याकाल में आयोजित भव्य दीप महायज्ञ ने संपूर्ण वातावरण को दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर दिया। असंख्य दीपों की पावन ज्योति के मध्य उपस्थित परिजनों ने युगऋषि के विचारों को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में सद्भावना, संस्कार एवं सेवा का प्रकाश फैलाने का संकल्प लिया।
दीपों का यह सामूहिक प्रकाश उस महान युग चेतना का प्रतीक बना, जो व्यक्ति से समाज और समाज से संपूर्ण विश्व तक सद्विचारों एवं सद्भावनाओं का विस्तार करने का संदेश देती है।

