देव संस्कृति विश्वविद्यालय में शताब्दी समारोह के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र आध्यात्मिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित
उत्तराखंड की पावन देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के दिव्य प्रांगण में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र आध्यात्मिक चेतना, आत्मजागरण, भारतीय संस्कृति एवं विश्वकल्याण के प्रेरणादायी विचारों से अनुप्राणित रहा।
इस गरिमामयी अवसर पर जूना पीठाधीश्वर एवं आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद् एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्य महंत रवीन्द्र पुरी जी, उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री अभिनव कुमार जी, ऋषिहुड विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शोभित माथुर जी एवं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने उद्बोधन में आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने कहा कि मनुष्य के समक्ष दो मार्ग हैं, एक पतन की ओर ले जाने वाला और दूसरा अपने भीतर विद्यमान देवत्व को जागृत कर परमात्मा की ओर अग्रसर होने वाला। परम पूज्य गुरुदेव ने मानवता को इसी आत्मोत्थान की दिशा और जीवन परिवर्तन का महामंत्र प्रदान किया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज का अभियान सनातन धर्म, देव संस्कृति और भारतीय अध्यात्म की गौरवशाली विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
अपने संबोधन में श्री अभिनव कुमार जी ने हरिद्वार में अपनी पूर्व सेवाओं एवं गायत्री परिवार से जुड़े आत्मीय अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशक पूर्व इस पावन भूमि पर सेवा का अवसर प्राप्त होना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
शताब्दी लेखमाला की पुस्तिका “सचिव का सूर्योदय” का विमोचन किया गया। इस अवसर पर आत्मजागरण, सांस्कृतिक पुनरुत्थान, सेवा, त्याग एवं विश्वकल्याण के विचारों ने उपस्थित परिजनों को जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया।

