यह शताब्दी का समापन नहीं, एक नवयुग के अभ्युदय का शंखनाद है…
श्रद्धा, साधना, समर्पण और आत्मीयता के असंख्य अविस्मरणीय क्षणों को अपने अंतःकरण में संजोए, उत्तराखंड की पावन देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के दिव्य प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय शताब्दी समारोह का भावपूर्ण विदाई सत्र संपन्न हुआ।
अखिल विश्व गायत्री परिवार की संरक्षिका परम श्रद्धेया शैल जीजी ने अपने ममतामयी आशीर्वचनों एवं असीम वात्सल्य के साथ देश-विदेश से पधारे समस्त परिजनों को भावभीनी विदाई दी। इस पावन अवसर पर आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी एवं आदरणीया श्रीमती शैफाली पंड्या जी की आत्मीय उपस्थिति रही।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘अखण्ड भारत’ की भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति की गौरवशाली विरासत, राष्ट्रीय एकात्मता एवं अखण्ड भारत की चेतना को जीवंत कर दिया। इस हृदयस्पर्शी प्रस्तुति ने समस्त उपस्थित परिजनों को भावविभोर कर दिया।
यह अवसर केवल परम वंदनीया माताजी की जन्मशताब्दी, परम पूज्य गुरुदेव की साधना के सौ वर्षों एवं अखण्ड दीप के प्राकट्य की शताब्दी का उत्सव मात्र नहीं है, अपितु आने वाली शताब्दियों के लिए एक नवीन संकल्प की आधारशिला है।
सौ वर्षों पूर्व प्रज्वलित वह ज्योति आज करोड़ों अंतःकरणों में चेतना बनकर प्रतिष्ठित है। जिस तप से एक युग परिवर्तन की यात्रा प्रारंभ हुई थी, जिस वात्सल्य ने असंख्य जीवनों को दिशा दी थी और जिस दीप ने मानवता को अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने का मार्ग दिखाया था, उस दिव्य विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना अब हमारा उत्तरदायित्व है।
आज परिजन अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं, किंतु अपने साथ केवल इस समारोह की स्मृतियाँ ही नहीं, वरन् युग निर्माण का एक नवीन संकल्प, परम वंदनीय माताजी के वात्सल्य की अनुभूति और पूज्य गुरुदेव की चेतना का आलोक भी लेकर जा रहे हैं।
समारोह संपन्न हुआ है, संकल्प नहीं।
विदाई हुई है, यात्रा की नहीं।
ज्योति प्रज्वलित है, युग निर्माण की यात्रा अनवरत है।

