
आहार की भ्रान्तियाँ और उनका निवारण
Listen online
View page note
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
भ्रान्तियाँ हर दृष्टि से हानिकारक सिद्ध होती हैं, चाहे वे किसी भी क्षेत्र की क्यों न हों? मान्यताओं एवं विश्वासों के रूप में कितनी ही बातें ऐसी हैं जो मनुष्य के चिन्तन एवं स्वभाव का अंग बनी हुई हैं। तथ्यों के आधार पर समीक्षा करने पर जिनकी न तो उपयोगिता जान पड़ती है और न ही महत्ता। पर लम्बे समय से मन-मस्तिष्क में उपयोगी होने जैसी मान्यता के रूप में बने रहने के कारण वे स्वभाव का अनिवार्य अंग-सा बन गयी हैं, जिन्हें न निकालते बनता है और न ही छोड़ते।
भ्रान्तियों में एक है-खानपान सम्बन्धी, जिसका मनुष्य के स्वास्थ्य से सीधा सम्बन्ध है। सदियों से यह मान्यता चली आ रही है कि मनुष्य शरीर को स्वस्थ बनाये रखने के लिए नमक आवश्यक है। पोषक आहारों के समान ही इसे भी भोजन का अनिवार्य एवं उपयोगी तत्व माना गया। जबकि तथ्य इसके विपरीत है। नवीन वैज्ञानिक शोधों से यह सिद्ध हुआ है कि ‘नमक’ शरीर के लिए अनुपयोगी ही नहीं हानिकारक भी है। इसे साधारण धीमे विष की संज्ञा दी गई है तथा स्वास्थ्य संवर्धन में एक अवरोधक तत्व माना गया है।
पिछले दिनों मोनेक्को के मांटे कार्लो नामक स्थान में चिकित्सा विशेषज्ञों की एक गोष्ठी हुई। विषय था मनुष्य के गिरते हुए स्वास्थ्य का स्थायी उपचार ढूँढ़ना तथा उन कारणों का पता लगाना जो आरोग्य के लिए घातक हैं। गोष्ठी के उपरान्त विशेषज्ञों ने जो निष्कर्ष निकाले वे महत्वपूर्ण हैं। सबने एक स्वर से स्वीकार किया कि कृत्रिम नमक हर दृष्टि से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खाद्य-पदार्थों में प्राकृतिक रूप से मौजूद नमक ही मनुष्य शरीर के लिए अनुकूल है। शरीर को जितने नमक की आवश्यकता है उतने की व्यवस्था प्रकृति ने खाद्य-पदार्थों, साग-सब्जियों एवं फलों के रूप में प्रचुर मात्रा में कर दी है। जिह्वा के स्वाद की आपूर्ति के अतिरिक्त ऐसा कोई औचित्य नजर नहीं आता जिसके लिए अलग से कृत्रिम नमक ग्रहण किया जाय। गोष्ठी की प्रकाशित रिपोर्ट में यह कहा गया कि नमक का शरीर के रक्त चाप से गहरा सम्बन्ध है। निम्न और उच्च रक्तचाप जैसे रोगों को बढ़ावा देने में नमक की असाधारण भूमिका है। प्राकृतिक खाद्य स्त्रोतों में भी उन वस्तुओं को अधिक पौष्टिक शरीर के लिए लाभ कर माना गया जिनमें नमक की मात्रा सबसे कम हो। इस दृष्टि से माँ के दूध को वैज्ञानिकों ने सर्वोच्च ठहराया। शाक-सब्जियों और माँस-मछलियों में किसमें नमक की मात्रा अधिक है, इस आधार पर माँस, मछली-अण्डे में नमक की मात्रा अधिक होने के कारण इन्हें शरीर के लिए अनुपयुक्त एवं हानिकारक बताया गया है।
संक्रामक रोगों की तरह रक्तचाप की बीमारी भी बढ़ती जा रही है। विकसित और सम्पन्न राष्ट्रों में तो सर्वाधिक संख्या रक्तचाप से पीड़ित रोगियों की है। चिकित्सा विज्ञान की शोधों ने इस तथ्य की पुष्टि की है कि कृत्रिम नमक रक्तचाप रोगों का एक प्रधान कारण है। सर्वविदित है कि उच्च रक्तचाप के चिकित्सक भोजन में रोगी को नमक का निषेध कर देते हैं। निदान में इससे विशेष योगदान मिलता है। प्रकारान्तर से यह इस बात का संकेत देता है कि यदि आरम्भ से ही कृत्रिम नमक को ग्रहण करने से बचा जाये तो भविष्य में रक्तचाप जैसे रोग की सम्भावना नहीं होगी।
पिछले, जंगली एवं आदिवासी क्षेत्रों के पर्यवेक्षण से यह ज्ञात हुआ है कि उनमें कितनी ही जातियाँ ऐसी हैं जो आधुनिक सभ्यता से सर्वथा दूर हैं। उनके खान-पान में नमक का बिल्कुल ही स्थान नहीं है। फलतः वे स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सबसे आगे हैं। पख्तूनों व अफगानी कबाइलीयों का रहन-सहन अब भी आदिम युग जैसा है। वे प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के अतिरिक्त नमक का सेवन नहीं करते।
भोजन सम्बन्धी दूसरी भ्रान्ति है- खाद्य पदार्थों की पौष्टिकता के सम्बन्ध में। मान्यता यह है कि जिन खाद्यान्नों में प्रोटीन की- वसा की मात्रा जितनी अधिक हो-उसका ही अधिकाधिक सेवन करने से शरीर की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संवर्धन का उद्देश्य पूरा किया जा सकता है। नवीन तथ्य यह उभर कर सामने आया है कि खाद्यान्नों का स्वास्थ्य संवर्धन का गुण इस बात पर नहीं आधारित है कि उनमें ‘कैलोरी’ की-प्रोटीन की कितनी मात्रा विद्यमान है वरन् इस पर अवलंबित है कि वह कितना शीघ्र पच जाता है और वह जीव प्रकृति के कितना अनुकूल है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद दिल्ली में डा. आर.एन. चक्रवर्ती की देख-रेख में बन्दरों पर प्रयोग किया गया। विषय था- हृदय रोगों एवं रक्तचाप के कारणों का अध्ययन करना। प्रयोग की अवधि में बन्दरों को अधिक प्रोटीन एवं वसायुक्त भोजन दिया गया जो उनके पाचन संस्थान की प्रकृति के प्रतिकूल था। फलतः कुछ दिनों बाद बन्दरों की ‘महाधमनी’ तथा ‘कोरोनरी धमनी’ में वसा का जमाव होने लगा- तथा वे हृदय रोग से पीड़ित हो गये। जब पुनः उन्हें उनकी प्रकृति के अनुकूल कम कैलोरी युक्त भोजन दिया गया तो हृदय की धमनियों को ठीक होने में सहयोग मिला। डा. चक्रवर्ती के ही निर्देशन में चण्डीगढ़ में भी इसी प्रकार के प्रयोग हुए। 124 बन्दरों की परीक्षा की गई। अनुसंधान दल ने कुछ बन्दरों को एक वर्ष तक अधिक वसायुक्त भोजन पर रखा। फलस्वरूप उन्हें दिल के दौरे पड़ने लगे। कई में उक्त रक्तचाप का अवलोकन किया गया। कितने बन्दर ‘थ्रोम्बोसिस’ (रक्त का थक्का जम जाना) रोग से ग्रसित पाये गये।
माँसाहार में दलील यह दी जाती है कि उसमें प्रोटीन की- ‘‘कैलोरी” की मात्रा अधिक होती है। उपरोक्त प्रयोग इस बात की पुष्टि करते हैं कि प्रोटीन अथवा अधिक कैलोरीयुक्त भोजन का स्वास्थ्य से कोई सम्बन्ध नहीं है। शरीर की प्रकृति के अनुकूल, खाद्यान्न ही स्वास्थ्य सम्वर्धन में सहायक सिद्ध होते हैं। मनुष्य का पाचन संस्थान माँसाहार के सर्वथा प्रतिकूल है। माँसाहारी जीवों के दांतों एवं आँतों की बनावट ही अलग ढंग से होती है जिनकी मनुष्य शरीर एवं प्रकृति क साथ थोड़ी भी समता नहीं है। माँस मछली अण्डे में विद्यमान गरिष्ठ प्रोटीन, वसा की मात्रा को पचा सकने में मानवी पाचन संस्थान असमर्थ है। बढ़ते हुए हृदय रोगों का एक और कारण है- मनुष्य का अपने सहज स्वाभाविक सुपाच्य शाकाहार प्रवृत्ति से अलग हटकर माँसाहार का सेवन करना।
प्रकृति के सान्निध्य में रहने वाले नन्हें जीव-जन्तु उछलते-कूदते एवं मचलते रहते हैं। सदा स्वस्थ एवं निरोग बने रहते हैं। वे यदा-कदा ही बीमार पड़ते हैं। पड़ते भी हैं तो संयम आदि द्वारा स्वतः ही अपने को ठीक कर लेते हैं। उन्हें हृदय रोग शायद ही कभी होता हो। नमक जिसे मनुष्य आवश्यक मानता है, वे अलग से कभी नहीं लेते। प्रकृति प्रदत्त वस्तुओं से विद्यमान नमक ही उनके स्वास्थ्य को अक्षुण्ण बनाये रखता है। एक मनुष्य ही है जो स्वाद के नाम पर तरह-तरह के बहाने बनाता है। कभी स्वास्थ्य रक्षा का आवश्यक तत्व मानकर नमक का सेवन करता है तो कभी प्रोटीन एवं अधिक कैलोरी के नामपर अभक्ष्य माँस को ठूँसकर पेट को कब्र बनाता है। फलतः अनेकानेक बीमारियों से भी वही ग्रसित होता है। जबकि बुद्धि एवं साधनों की दृष्टि से असमर्थ मनुष्येत्तर जीव स्वस्थ बने रहते और हंसते-फुदकते हुए जीवन का वास्तविक आनन्द उठाते हैं।
खान-पान की इस भ्रान्ति को मन और मस्तिष्क से हटाया जाना आवश्यक है। शरीर के लिए नमक न तो आवश्यक है और न ही उपयोगी। स्वाद एवं अभ्यास का अंग बन जाने के कारण इसके बिना काम नहीं चलता अन्यथा पोषण की दृष्टि से उसमें ऐसी कोई विशेषता नहीं है जिसके बिना काम न चले। जितनी थोड़ी आवश्यकता है भी, वह प्राकृतिक स्त्रोतों में सन्तुलित रूप से घुला मिला है और शरीर रक्षा का उद्देश्य पूरा करता है। इसके लिए अलग से नमक लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। आहार में इस मान्यता को भी बदलना होगा कि अधिक प्रोटीन युक्त भोजन शरीर के लिए लाभकारी है। स्वास्थ्य पौष्टिक तत्वों पर नहीं इस बात पर अवलम्बित है कि भोजन में ग्रहण किए जाने वाले पदार्थ कितने शीघ्र एवं सुविधा से पच जाते हैं। इस दृष्टि से शाक-सब्जियों को हरे एवं ताजे फलों को सर्वोपरि ठहराया गया है। इन तथ्यों से प्रभावित होकर अब पाश्चात्य जगत में भी शाकाहार का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। वहाँ के नागरिक माँसाहार की हानियों को समझने लगे हैं। इंग्लैंड में तो एक ‘वेजीटेरियन सोसायटी’ की स्थापना हुई है जो प्रचार द्वारा लोगों को प्रकृति प्रदत्त सुविधा से उपलब्ध होने वाले सुपाच्य खाद्यान्नों, शाकों एवं फलों की महत्ता बताती तथा माँसाहार की हानियों से अवगत कराती है। इस सत्प्रयास का आशातीत प्रभाव पड़ता है। हजारों व्यक्तियों ने माँसाहार छोड़ा व शाकाहार को अपनाया है। वहाँ इसे स्वास्थ्य क्रान्ति के रूप में मान्यता मिली है। नमक का अन्धाधुन्ध उपयोग भी ऐसा ही अवाँछनीय प्रचलन है, जिसे आज नहीं तो कल छोड़ना ही पड़ेगा।