देव संस्कृति विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा संपन्न, देशभर के कई केंद्रों सहित हरिद्वार में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने लिया भाग
देव संस्कृति विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के प्रवेश हेतु आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की लिखित प्रवेश परीक्षा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ लखनऊ, पटना, नोएडा, भोपाल, राजनांदगांव, कोलकाता एवं जयपुर स्थित परीक्षा केंद्रों पर भी परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया।
इस प्रवेश परीक्षा में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिला।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण में साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
