श्री नित्यानंद योगाश्रम, कोंडेवूर मठ, उप्पला, कासरगोड (केरल) के मठाधीश्वर श्री श्री योगानंद सरस्वती दंडी स्वामी महाराज जी का देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आगमन हुआ
श्री नित्यानंद योगाश्रम, कोंडेवूर मठ, उप्पला, कासरगोड (केरल) के मठाधीश्वर श्री श्री योगानंद सरस्वती दंडी स्वामी महाराज जी का देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ चिन्मय पंड्या जी से भेंटवार्ता की। साथ ही भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक जीवन-मूल्यों एवं समाजोत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
भेंटवार्ता के दौरान उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ चिन्मय पंड्या जी ने गायत्री परिवार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और वन्दनीय माताजी के विचारों तथा जनशताब्दी वर्ष और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों से स्वामी जी को अवगत कराया।
श्री श्री योगानंद सरस्वती दंडी स्वामी महाराज जी ने गायत्री परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संतों का जीवन केवल आत्म साधना तक सीमित नहीं होता, बल्कि उनके विचार और कर्म समाज के उत्थान एवं मानव कल्याण की दिशा में प्रेरणा का कार्य करते हैं। परम पूज्य गुरुदेव के विचारों को समाज में व्यावहारिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।
