संस्कारवान समाज एवं सशक्त राष्ट्रनिर्माण के संकल्पों से आलोकित हुआ जन्मशताब्दी समारोह
नई दिल्ली। परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया जी, उत्तर प्रदेश के विधायक श्री राजेश्वर सिंह जी, महाराष्ट्र के विधायक श्री सुधीर मुनगंटीवार जी एवं ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य Lord Russell Rook की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में डॉ. मनसुख मांडविया जी ने गायत्री परिवार को आध्यात्मिक चेतना के साथ जीवन के प्रत्येक आयाम को समृद्ध करने वाला संगठन बताते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके जीवंत संस्कारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों में निहित है। उन्होंने आत्मपरिवर्तन को विश्वपरिवर्तन का आधार बताते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प में गायत्री परिवार जैसे आध्यात्मिक संगठनों की महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
श्री राजेश्वर सिंह जी ने अखण्ड दीप की शतवर्षीय ज्योति को पूज्य गुरुदेव की अटूट संकल्पशक्ति एवं तप-साधना का प्रतीक बताया। उन्होंने नशामुक्ति, दहेज उन्मूलन, नारी जागरण तथा बेटियों के उत्थान में गायत्री परिवार के योगदान की सराहना करते हुए चरित्रवान पीढ़ी को सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बताया।
वहीं श्री सुधीर मुनगंटीवार जी ने जन्मशताब्दी वर्ष को भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत को जन-जन तक पहुँचाने का पुनीत अवसर बताया। उन्होंने देवपूजा के साथ अंतःकरण की निर्मलता, मानवता की सेवा एवं मानवधर्म के पालन को वास्तविक आध्यात्मिक साधना का आधार बताते हुए सांस्कृतिक चेतना के व्यापक विस्तार का संदेश दिया।
इस अवसर पर समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रीय नेतृत्व एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों की यह गरिमामयी सहभागिता पूज्य गुरुसत्ता के युगनिर्माणकारी विचारों की वैश्विक प्रासंगिकता तथा संस्कारयुक्त समाज एवं उज्ज्वल राष्ट्र के नवनिर्माण हेतु गायत्री परिवार के सतत पुरुषार्थ की प्रेरणादायी अभिव्यक्ति बनी।
#JanmShatabdi2026 #GayatriPariwar #IGstadiumdelhi #MataBhagwatiDeviSharma

