जन्मशताब्दी समारोह के अंतिम दिवस पर राष्ट्रीय नेतृत्व ने किया युगनिर्माण के संकल्पों का अभिनंदन, आत्मसमीक्षा एवं सांस्कृतिक नवजागरण का गूँजा संदेश
नई दिल्ली। परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के अंतिम दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी, सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर जी, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य जी, श्री मनु गौड़ जी, श्री रमन कांत जी एवं श्री टी. एस. कल्याणरमन जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं समारोह के दलनायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने आत्मसमीक्षा एवं जीवन के उद्देश्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जन्मशताब्दी का यह अवसर केवल उत्सव मनाने का नहीं, अपितु स्वयं को पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी के आदर्शों के समक्ष रखकर अपने विचारों, कर्मों एवं जीवन की दिशा का निष्पक्ष मूल्यांकन करने का है।
माननीय श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने अखिल विश्व गायत्री परिवार की दीर्घकालीन युगनिर्माण यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने सांस्कृतिक चेतना के जागरण के साथ समाज को उसके दायित्वों के प्रति सजग करने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया है।
वहीं सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर जी ने कहा कि जिस प्रकार एक छोटी-सी ज्योति अंधकार को दूर करती है, उसी प्रकार एक श्रेष्ठ विचार व्यक्ति का जीवन, एक जागरूक परिवार समाज की दिशा और एक सकारात्मक जनांदोलन राष्ट्र का भविष्य बदल सकता है। उन्होंने गायत्री परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणा से जोड़ा।
समारोह का यह सत्र आत्मपरिष्कार, सांस्कृतिक चेतना एवं सामूहिक पुरुषार्थ के माध्यम से राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश लेकर संपन्न हुआ।
#JanmShatabdi2026 #GayatriPariwar #IGstadiumdelhi #MataBhagwatiDeviSharma

