शताब्दी समारोह के अंतर्गत शताब्दी नगर में प्रखर प्रज्ञा–सजल श्रद्धा स्थापना का भव्य समारोह संपन्न
परम वन्दनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के शताब्दी समारोह एवं अखण्ड दीपक शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज दिनांक 16 दिसंबर 2025 को शताब्दी नगर, बैरागी कैंप के पावन प्रांगण में प्रखर प्रज्ञा–सजल श्रद्धा स्थापना समारोह - श्रद्धा, साधना एवं गरिमामय वातावरण में भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर शताब्दी समारोह के दल नायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के कर-कमलों से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस भव्य समारोह में जिलाधिकारी, हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित जी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार श्री प्रमेन्द्र डोभाल जी, , श्री अरविंद आश्रम के प्रमुख स्वामी ब्रह्मदेव जी तथा रामकृष्ण मिशन के प्रमुख संन्यासी स्वामी दयामृतानंद जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने शताब्दी वर्ष के मूल भाव को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रखर प्रज्ञा और सजल श्रद्धा का समन्वय ही व्यक्ति के अंतःकरण को परिष्कृत कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनता है। उन्होंने परम वन्दनीया माताजी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सेवा, संस्कार एवं साधना के माध्यम से युगनिर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान 108 तीर्थों से संकलित दिव्य तीर्थ-रज एवं परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी की चरण पादुका का पूजन सम्पन्न* हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक चेतना एवं श्रद्धा से आलोकित हो उठा।
कार्यक्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं शांतिकुंज के भाई बहनों, अखिल विश्व गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजनों की भावपूर्ण सहभागिता रही। समस्त आयोजन अनुशासन, सामूहिक साधना एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
