अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव में गायत्री परिवार के साहित्य स्टॉल पर गणमान्य व्यक्तियों का आगमन
अहमदाबाद। 'अच्छी पुस्तकें जीवंत देव प्रतिमाएं हैं ' ऐसा मानने वाले वेदमूर्ति तपोनिष्ठ युगदृष्टा पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी के आध्यात्मिक एवं जीवन विद्या परक विपुल साहित्य का प्रदर्शन अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव में किया गया है। अहमदाबाद नगर निगम और नेशनल बुक ट्रस्ट – इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित यह भव्य महोत्सव 13 नवंबर से 23 नवंबर तक चलेगा, जिसमें विश्व भर के प्रतिष्ठित प्रकाशक एवं संगठन भाग ले रहे हैं।
पूज्य गुरुदेव के साहित्य ने किया आकर्षित
गायत्री परिवार गुजरात की अहमदाबाद शाखा द्वारा स्थापित स्टॉल पर पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा रचित अध्यात्म, जीवन विद्या, व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, संस्कार परंपरा तथा राष्ट्र सशक्तिकरण आदि अन्यान्य विषयों से समृद्ध साहित्य की विस्तृत श्रृंखला जनता के अवलोकनार्थ प्रस्तुत की गई।
मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री ने किया अवलोकन
अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र भाई पटेल, केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान, गायत्री परिवार के स्टॉल पर पधारे।
गुजरात गायत्री परिवार की अहमदाबाद शाखा के परिजनों ने इन सभी महानुभावों का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें पूज्य गुरुदेव द्वारा लिखित 'वांग्मय राष्ट्र सशक्त एवं समर्थ कैसे बने' और 'षोडश संस्कार विवेचन' ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री महोदय के साथ प्राथमिक, माध्यमिक और प्रौढ़ शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रिवाबा रवीन्द्र सिंह जाडेजा, अहमदाबाद की महापौर श्रीमती प्रतिभा जैन आदि गणमान्य व्यक्ति भी गायत्री परिवार के स्टाल पर पधारे।
जीवन प्रबंधन संदेशों की सराहना
माननीय मंत्रियों ने पूज्य गुरुदेव के युग निर्माण संदेशों और साहित्य के माध्यम से दिए जा रहे उत्कृष्ट जीवन प्रबंधन के सूत्रों की हृदय से सराहना की।
इन सभी गणमान्य अतिथियों का गायत्री परिवार के स्टॉल पर आगमन और उनके द्वारा साहित्य का अवलोकन, निःसंदेह गायत्री परिवार के विचारों और प्रयासों को एक नई ऊर्जा और बल प्रदान करता है।
