एनसीसी कैडेट्स ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली एनसीसी(NCC) कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए चयनित कैडेट्स ने विश्वविद्यालय के आदरणीय प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय की एनसीसी कंपनी के कमांडर लेफ्टिनेंट डॉ. पवन कुमार राजौरिया ने बताया कि विश्वविद्यालय के दो कैडेट—अंडर ऑफिसर उपासना एवं कैडेट प्रखर शर्मा—का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड (RDC-2026) हेतु हुआ है। यह चयन प्रक्रिया विगत पाँच माह से निरंतर चली, जिसमें सर्वप्रथम कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर पर चयन हुआ। इसके उपरांत बटालियन एवं ग्रुप स्तर पर चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। आगे चलकर PRI RDC-1, PRI RDC-2 तथा PRI RDC-3 कैंपों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों कैडेट्स का अंतिम चयन सुनिश्चित हुआ।
चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अंडर ऑफिसर उपासना का चयन कर्तव्य पथ परेड के लिए तथा कैडेट प्रखर शर्मा का चयन सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु किया गया है। देहरादून में 19 से 28 दिसंबर तक आयोजित PRI RDC-3 कैंप के उपरांत उत्तराखंड कंटीजेंट के कुल 127 चयनित कैडेट्स का दल दिनांक 29 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा। इसमें 31 यूके बटालियन के अंतर्गत रुड़की ग्रुप से कुल 31 कैडेट्स का चयन हुआ है।
आदरणीय प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी से भेंट कर दोनों कैडेट्स अत्यंत भावविभोर दिखाई दिए तथा उन्होंने भविष्य में भी सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणा की प्रार्थना की।
