दिव्य शताब्दी समारोह हेतु वैरागी द्वीप पर महाश्रमदान जारी
हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जनवरी २०२६ में आयोजित होने वाले परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी एवं दिव्य अखंड दीप के शताब्दी समारोह की भव्य तैयारियों के क्रम में, आयोजन स्थल वैरागी द्वीप के विशाल मैदान को सुसज्जित करने हेतु गायत्री परिजनों का महाश्रमदान निरंतर जारी है।
सेवा श्रमदान के चौथे दिन भी शांतिकुंज के समर्पित कार्यकर्ताओं एवं शिविरार्थी भाई बहिनों ने भारी उत्साह के साथ कार्य किया। विस्तृत क्षेत्र में फैले इस द्वीप को आयोजन के योग्य बनाने के लिए यहाँ से पत्थरों को हटाने एवं जंगली झाड़ियों की कटाई का सघन कार्य पूर्ण मनोयोग से किया गया।
वंदनीया माता जी के आध्यात्मिक संरक्षण, प्रेम एवं ममत्व की छत्रछाया में पल्लवित-पुष्पित हुए ये गायत्री परिजन, अपने श्रम को समर्पित कर वैरागी द्वीप के मैदान को निष्कंटक बनाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उनके इस अनवरत श्रम में न उम्र कोई बाधा बन रही है और न ही उनकी शारीरिक अवस्था।
इस पुनीत कार्य में कई नन्हें-नन्हें हाथों का सहयोग भी देखने को मिला। इन बाल स्वयंसेवकों का कार्य के प्रति समर्पण देख कर ऐसा प्रतीत होता है मानो छोटे-छोटे देवदूत स्वयं धरती पर अवतरित हुए हों और जगत जननी माता भगवती देवी शर्मा जी के अवतरण की शताब्दी समारोह की तैयारियों के माध्यम से अपना सौभाग्य जगाने आए हों।
शांतिकुंज के विभागों का सहयोग
इस श्रमदान को सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु शांतिकुंज के परिवहन विभाग, सुरक्षा विभाग, भोजनालय विभाग, निर्माण विभाग, स्वच्छता विभाग आदि के कार्यकर्ता इन कर्मठ श्रमसेवियों के सहयोग में निरंतर लगे हुए हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि सभी परिजन सुविधापूर्वक अपना सेवा कार्य कर सकें।
यह महाश्रमदान न केवल भूमि को तैयार कर रहा है, बल्कि यह इस बात का भी प्रतीक है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार अपने पूज्य गुरुदेव और वंदनीया माता जी के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण को किस प्रकार रचनात्मक रूप में अभिव्यक्त कर रहा है। देखिए कुछ छाया चित्र....
