कृपा-कथा : एक शिष्य की कलम से परम वंदनीया माता जी जगन्माता माँ जगदंबा हैं
परम वंदनीया माता जी मेरे लिए केवल एक श्रद्धेय व्यक्तित्व नहीं, बल्कि साक्षात् जगन्नमाता—मां जगदंबा की अवतारी चेतना हैं। यह मेरा अटूट, अडिग और जीवनानुभव से उपजा विश्वास है। हमारा विराट गायत्री परिवार परम वंदनीया माता जी की ममत्वमयी गोद और वात्सल्यपूर्ण छाया में ही पला-बढ़ा है। उन्हीं के करुणामय प्रेम के कारण आज लगभग पंद्रह करोड़ साधक, संसार के कोने-कोने में रहते हुए भी, प्रेम और आत्मीयता की एक अदृश्य डोर से बंधे हुए हैं। यह कोई भावनात्मक अतिशयोक्ति नहीं, बल्कि एक जीवंत सत्य है, जिसे असंख्य जीवनों ने अनुभूत किया है।
यह प्रसंग मेरे जीवन के उस कालखंड का है, जब मैं स्नातक के अंतिम वर्ष में अध्ययन कर रहा था। मेरा परिवार पहले से ही गायत्री परिवार से जुड़ा हुआ था। घर के लोग श्रद्धा और निष्ठा के साथ मिशन के कार्यक्रमों में भाग लेते थे। मैं भी उनके साथ, कभी-कभी, अपने भाइयों के संग मिशन के कार्यों में थोड़ा-बहुत सहयोग कर दिया करता था। उस समय तक मेरा जुड़ाव औपचारिक था; जीवन की दिशा अभी स्पष्ट नहीं थी।
सन 1991 की बात है। जिस स्थान पर मैं पढ़ाई कर रहा था, वहाँ मेरे नाम एक पत्र आया। लिफाफा देखकर मैं ठिठक गया। मेरे नाम में एक अत्यंत सूक्ष्म सा परिवर्तन था, किंतु पिता जी का नाम और पूरा पता पूर्णतः सही लिखा हुआ था। जिज्ञासावश मैंने पत्र खोला। भीतर लिखे शब्दों ने जैसे मेरे अंतर्मन को झकझोर दिया। वह पत्र परम वंदनीया माता जी का था। उसमें लिखा था—
“चिरंजीव,
क्या तुमने कभी कछुआ मादा को देखा है?
कछुआ मादा तालाब, नदी और समुद्र में निवास करती है, किंतु अपने अंडे वह किनारे की रेत में देती है। जब अंडों के भीतर बच्चे परिपक्व हो जाते हैं, तब वे अंडों को तोड़कर अपने वास्तविक घर—जल—में लौट जाते हैं।
बेटे, मेरी जितनी सीमा थी, उतने बच्चों को मैंने अपने पास जन्म दिया। शेष बच्चों को मैंने संसार के विभिन्न स्थानों पर बिखेर दिया है। अब अपनी पढ़ाई पूरी करके सीधे अपने घर चले आना। तुम्हारा असली मायका शांतिकुंज, हरिद्वार है।”
—माता भगवती देवी शर्मा
यह पत्र मेरे लिए केवल शब्दों का समूह नहीं था; यह एक आह्वान था, एक मातृ-पुकार थी। उसे पढ़ते ही मेरे भीतर कुछ ऐसा जाग उठा, जिसे शब्दों में बांध पाना कठिन है। ऐसा लगा मानो किसी ने मेरे जीवन के अब तक बिखरे हुए सूत्रों को एक केंद्र से जोड़ दिया हो। उस क्षण से शांतिकुंज जाने की इच्छा मेरे भीतर तीव्र और अविराम हो गई।
आश्चर्य की बात यह थी कि इस पत्र के मिलने से पहले मैं कभी शांतिकुंज नहीं गया था, न ही माता जी से मेरा कोई प्रत्यक्ष संपर्क था। फिर भी ऐसा अनुभव हुआ, जैसे यह स्थान मेरा जाना-पहचाना घर हो, जहाँ लौटने की प्रतीक्षा स्वयं आत्मा कर रही हो।
आज जब मैं अपने जीवन की यात्रा को पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो यह स्पष्ट अनुभव करता हूँ कि युगनिर्माण मिशन के कार्यों में मेरा जीवन लगना मेरा व्यक्तिगत निर्णय या समर्पण नहीं था। वह गुरुदेव और परम वंदनीया माता जी का चयन था। यह उनकी करुणा, उनकी कृपा और उनके अवतारी संकल्प का ही परिणाम था कि मुझे इस विराट परिवार का अंग बनने का सौभाग्य मिला।
परम वंदनीया माता जी की चेतना आज भी मेरे लिए मार्गदर्शक प्रकाश है—मातृत्व, त्याग और विश्व-कल्याण की जीवंत प्रतिमूर्ति। उनकी छाया में जीवन को अर्थ, दिशा और उद्देश्य प्राप्त हुआ, यही मेरा परम सौभाग्य है।
Recent Post
शांति और सौंदर्य को अपने अंदर खोजो
उनसे प्यार करो, जिन्हें लोग पतित, गर्हित और हेय समझते हैं। जिन्हें केवल निंदा और भर्त्सना ही मिलती है। जो अपने ऊपर लदे हुए पिछड़ेपन के कारण न किसी के मित्र बन पाते हैं और न जिन्हें कोई प्यार करता ह...
समूचा ब्रह्मांड एक चैतन्य शरीर
प्रौढ़ता को प्राप्त करता हुआ विज्ञान अब उन्हीं निष्कर्षों पर पहुँच रहा है, जिन पर सदियों पूर्व भारतीय तत्त्ववेत्ता ज्योतिर्विद् पहुँच चुके थे। समूचा ब्रह्मांड एक चैतन्य शरीर है, जिसका प्रत्येक स्पं...
संवेदना की समस्या को कौन सुलझाएगा?
ज्ञान के दो पक्ष हैं— एक विचारणा, दूसरा संवेदना। विचार मस्तिष्क की देन हैं। वे बाहर से होते हैं; प्रशिक्षण एवं अनुभव के सहारे। भाव भीतर से उठते हैं। वे अंतःकरण के उत्पादन हैं। विचारों से जानक...
विज्ञान और अध्यात्म का समन्वय निश्चित
अध्यात्म और विज्ञान को पिछले दिनों परस्पर विरोधी माना जाता रहा है। नवीनतम शोधें उन्हें पूरक ही नहीं, एकीभूत भी सिद्ध कर रही हैं। चेतना के क्षेत्र में वैज्ञानिक चिंतन का योग अगले दिनों शोध के नए आधा...
असीम पर निर्भर ससीम जीवन
“धरती पर जीवनोपयोगी परिस्थितियों का आधार जिन रासायनिक हलचलों और आणविक गतिविधियों पर निर्भर है, वे अंतरिक्ष से आने वाले रेडियो-तरंगों पर अवलंबित हैं। शक्ति के स्रोत उन्हीं में हैं। विविध विधि ...
धरती माँ को ओढ़ाई हरी चादर | विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान
जमालपुर, 5 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जमालपुर द्वारा महिला मंडल के सहयोग से काली पहाड़ी, छठ पूजा घाट (नहर परिसर) में एक विशाल वृक्षारोपण अभिया...
अखिल विश्व गायत्री परिवार के आवाहन पर घर घर किया गया यज्ञ
घर घर में में हम यज्ञ रचाएं, आओ भारत सबल बनाएं इसी कामना से आज बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज (हरिद्वार) के दिशा निर्देश पर जनपद बलरामपुर के पचपेड़वा, गैं...
अब दर्शन की बारी है, उसे कुछ करने दिया जाए
विज्ञान का तात्पर्य— “प्रकृति के कुछ रहस्यों का उद्घाटन अथवा कुछ उपकरणों का निर्माण कर लेना मात्र नहीं है, वरन् उसकी व्यापकता मानवी दृष्टिकोण को अधिक सुविस्तृत, तथ्यपूर्ण एवं सत्यनिष्ठ ...
धर्म और दर्शन की उत्क्रांति भी आवश्यक
भावी पीढ़ी को मानसिक दिग्भ्रांति से बचाने के लिए यह प्रश्न सुलझाना आवश्यक है। धर्म के गिरते हुए मूल्य को देखकर ऐसा लगता है कि कहीं आने वाली पीढ़ियाँ पूर्णतया पदार्थवादी होकर अपनी आध्यात्मिक शक्तिया...
धर्म और विज्ञान जुड़वाँ भाई
पिछले दिनों धर्म और विज्ञान को विरोधी माना जाता रहा है। दोनों के तर्क, प्रतिपादन और आधार एकदूसरे से भिन्न समझे जाते रहे हैं। एक को प्रत्यक्षवादी और दूसरे को परोक्षवादी कहकर उन्हें असंबद्ध कहा जाता ...

