बच्चे के गर्व को प्रोत्साहित कीजिए—
Listen online
View page note
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
बच्चे को यह अनुभव करने दीजिये कि घर में उसका महत्वपूर्ण स्थान है। बच्चे का गर्व फुला दीजिये। उसे इस बात के गर्व का आनन्द अनुभव करने दीजिए कि परिवार में उसका सम्मान होता है। गर्व की रक्षा करने वाले माता-पिता का बच्चा सदैव परिवार के सम्मान की रक्षा करता है। इससे बच्चे का आत्म विश्वास बढ़ता है। बच्चों को अपने हाथ, अपने उद्योग और परिश्रम से चीजें, खिलौने, तस्वीरें, कढ़ाई बुनाई या सिलाई का कार्य करने में विशेष आनन्द का अनुभव होता है। चतुर माता-पिता को बच्चों की इस स्वाभाविक रचनाशीलता, कार्य करने की प्रवृत्ति, सृजनात्मक शक्ति को जागृत करना चाहिए।
बच्चे का दर्प जाग्रत करने से वह किस प्रकार स्वयं अपने को ऊंचा उठाता है, इसका एक उदाहरण डेल कार्नेगी ने अपनी पुस्तक में इस प्रकार दिया है—
‘‘मेरे ट्रेनिंग कोर्स का एक विद्यार्थी अपने छोटे बालक के कारण चिन्तित रहता था। बालक की तोल कम थी और वह भली प्रकार खाना न खाता था। उसके माता पिता डांटते-फटकारते और दोष निकालते, पर बच्चे ने उनकी बात पर ध्यान न दिया। पिता ने अपने मन में कहा कि मुझे यह जानना चाहिए कि आखिर यह बच्चा चाहता क्या है? उसके लड़के के पास एक तीन पहियों की साइकिल थी, जब वह उस साइकिल पर चढ़ कर घर के सामने की सड़क पर जाता था, तो एक बड़ा दुष्ट लड़का उसकी साइकिल छीन कर स्वयं उस पर चढ़ता था। स्वभावतः छोटा बालक चिल्लाता हुआ घर आता था और मां को उस दुष्ट से बच्चे की रक्षा करनी पड़ती थी। छोटा लड़का क्या चाहता था? उसका अभिमान, उसका क्रोध, महत्व की भावना के लिये उसकी इच्छा—उसकी रचना में जितने भी प्रबल आवेग थे, वे सब उसे उस दुष्ट से बदला लेने के लिए उत्तेजित करते थे। पिता ने इसी भावना को उत्तेजित कर बच्चे का सुधार शुरू किया। उन्होंने कहा कि तुम पौष्टिक वस्तुएं खाओगे, तब मजबूत बन कर उस दुष्ट को हरा सकोगे। जब बच्चे के मन में यह बात बैठ गई तो उसके खान-पान की समस्या तुरन्त हल हो गई। लड़का दूध, दही, फल, साग, अण्डे इत्यादि सब कुछ खाने लगा, जिससे मजबूत बन कर उस दुष्ट की मरम्मत कर सकें, अपने अपमान का बदला ले सके।
उस समस्या के हल हो जाने के बाद पिता ने एक दूसरी समस्या को पकड़ा। बालक को बिछौने पर पेशाब कर देने की बुरी आदत थी। वह अपनी दादी के साथ सोया करता था। सवेरे उठ कर उसकी दादी चादर को भीगी पाती थी। वह कहती थी—‘‘देखो जौन, तुमने रात फिर क्या कर दिया।’’
बालक उत्तर देता—‘‘नहीं, मैंने नहीं किया। तुमने किया है।’’ डाट-फटकार, थप्पड़, तमाचा, लज्जित करना, बार-बार तिरस्कार, क्रोध, नाराजगी, उपदेश का कोई प्रभाव न पड़ा। इसलिए माता पिता ने कार्नेगी साहब से पूछा कि ‘‘हम क्या करें?’’ मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के बाद भिन्न कार्य किये गये।
उसकी आवश्यकताएं क्या क्या थीं? प्रथम, वह दादी की भांति गागरा पहनने के स्थान पर रात्रि को पिता की भांति पायजामा पहन कर सोना चाहता था। दादी उसकी आदत से तंग आ चुकी थी। इसलिए उसे शरीफ बड़े व्यक्तियों की तरह पायजामा पहनने को दिया। बच्चे में बड़प्पन की भावना दृढ़ होने लगी। उसकी दूसरी मांग थी एक अलग साफ बिछौना। दादी ने उस पर आपत्ति नहीं की।
उसकी माता उसे एक बड़ी दुकान पर ले गई। वहां जो लड़की वस्तुएं बेचने पर नियुक्ति थी, उसकी ओर आंख का इशारा करके उसने कहा—‘‘यह छोटे महाशय आपके यहां से कुछ वस्तुएं खरीदना चाहते हैं।’’
लड़की ने बच्चे के दर्प और महत्ता की भावना को उत्तेजित किया। वह यह नहीं जानती थी कि बच्चा अपने स्वाभिमान की रक्षा चाहता है। उसने यह कह कर उसे महत्ता का अनुभव कराया, ‘‘तरुण महाशय, मैं आपको क्या दिखलाऊं?’’
बच्चा अभिमान से फूल उठा और घमण्ड से बोला—‘‘मैं अपने लिए एक बिछौना खरीदना चाहता हूं।’’ उसे एक बिछौना खरीद दिया गया। बच्चे को अपने बिस्तर से ऐसा प्रेम हुआ कि उस पर कभी उसने मूत्र नहीं किया। लड़के ने अपने स्वाभिमान की रक्षा की। यह उसका अपना बिछौना था, उसने स्वयं उसे खरीदा था। वह युवा की भांति आचरण करना चाहता था। और उसने ऐसा ही किया।
इस प्रकार हम देखते हैं कि बच्चे चाहते हैं कि उनसे शिष्टतापूर्ण व्यवहार किया जाय, उनका आत्माभिमान उकसाया जाय, उनकी तारीफ की जाय। जहां डाट फटकार, फुसलाहट, प्यार दुलार व्यर्थ हो जाता हो, वहां बच्चे में गर्व को जगाकर सुधार करना चाहिये।

