बच्चों के स्वास्थ्य की समस्याएं
Listen online
View page note
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
बच्चों की उन्नति का रहस्य उनका उत्तम स्वास्थ्य ही है। उत्तम स्वास्थ्य की नींव बचपन से ही रखी जाती है। स्वास्थ्य से हमारा अभिप्राय यह है कि बच्चे की पाचन क्रिया दुरुस्त हो तथा मलोत्सक प्रणालियां अच्छी तरह निज कार्य करती रहें। उनके शरीर में स्फूर्ति रहे, कार्य से मन लगे, उनके हृदय में आशा, उत्साह तथा मुख पर मधुर मुस्कान रहे, आत्मा स्वच्छन्द हो, मस्तिष्क तथा ज्ञानेन्द्रियां पवित्र और विकसित रहें।
स्वास्थ्य का सर्वप्रथम नियम है कि बच्चों को जल्दी सोने तथा जल्दी जागने की आदत डाली जाय। यह कठिन है किन्तु धीरे-धीरे अभ्यास से यह आ सकती है। भारत जैसे देश का प्रातःकालीन समय बौद्धिक विकास, मौलिक अध्ययन, एवं चिंतन-मनन के लिए बहुत उत्तम है।
दांतों की सफाई दूसरा प्रधान कार्य है। टूथ पाउडर या दातुन की धीरे-धीरे आदत डालनी चाहिये। तत्पश्चात् तेल की मालिश के साथ स्नान करना चाहिये। इससे शरीर की त्वचा का रंग साफ हो जाता है तथा शारीरिक शक्ति की वृद्धि होती है। नाश्ते में फल, दूध, मीठे आदि उत्तम हैं। यथा सम्भव भोजन पौष्टिक दिया जाय, चाय की आदत न डाली जाय। बचपन से ही सिगरेट की गन्दी आदत पड़ती है जिसकी ओर से सावधान रहें। शरीर और मस्तिष्क की पूर्ण स्वच्छता, रहने के स्थान और उसके इर्द-गिर्द के वायुमण्डल की स्वच्छता, सुखाद्य पौष्टिक भोजन फल, हरी तरकारियां स्वस्थ बनाने में सहायक होते हैं।

